रायपुर में शादी समारोह के दौरान खुलेआम फायरिंग और तलवार लहराकर दहशत फैलाने का मामला अब बिलासपुर हाईकोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में एक्टिविस्ट और सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल शुक्ला ने हाईकोर्ट में ई-मेल के जरिए आवेदन भेजकर आरोपियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है।

आवेदन में मोनिका सिंह, उनके पति ऋतुपर्ण सिंह और अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। बताया गया है कि ऋतुपर्ण सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। आरोप है कि राजधानी रायपुर में हुए एक विवाह समारोह में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया। फायरिंग की गई और तलवारें लहराई गईं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
इसके बावजूद अब तक रायपुर पुलिस की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है। न तो स्वतः संज्ञान लिया गया और न ही कठोर कदम उठाए गए। इसी को लेकर हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
एक्टिविस्ट कुणाल शुक्ला का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन आम लोगों में डर का माहौल पैदा करता है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामलों को बढ़ावा मिलेगा।
मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। कई लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में हाईकोर्ट के रुख और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
कुणाल शुक्ला ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए और हथियारों के खुले प्रदर्शन पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।