रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शनिवार को हुई तेज बारिश और अंधड़ से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए और देर रात बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
राजनांदगांव में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में यह सबसे कम 20.7 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती घेरे और राजस्थान से झारखंड तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी आ रही है। इसके असर से आज भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
रायपुर शहर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। विभाग ने राजधानी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात यानी बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
रायपुर और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन उमस में हल्की बढ़ोतरी महसूस की जा सकती है।