रमेश गुप्ता : दुर्ग। बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में एक वृद्ध की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस युवक ने अपने पिता के घर में मृत मिलने की सूचना पुलिस को दी थी, वही हत्या का आरोपी निकला। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को ग्राम नवागांव निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होना और मृत्यु की प्रकृति हत्या होना सामने आया।
पुलिस की मर्ग जांच और पूछताछ में पता चला कि मृतक कुलेश्वर साहू और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 19 वर्षीय नीलकमल साहू को आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई गई। इस कार्रवाई में थाना बोरी पुलिस और विवेचना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।