बालोद। जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र के चिल्हाटीखुर्द गांव में पागल कुत्ते के आतंक से हड़कंप मच गया। कुत्ते ने गांव में मवेशियों और राहगीरों पर हमला करने के बाद एक 4 साल के मासूम बच्चे को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने बच्चे पर अचानक हमला कर उसे करीब 17 जगहों पर काट लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। इससे पहले भी कुत्ता कई मवेशियों और लोगों को अपना शिकार बना चुका था, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
हमले के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
मासूम पर हमले की घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। लंबे समय से कुत्ते के हमलों से परेशान लोगों ने एकजुट होकर पागल कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है। प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।