छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: तीन जिलों में भीषण सड़क हादसे, दो की मौत और कई घायल

CG Breaking :

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में शुक्रवार को सड़क हादसों ने भारी तबाही मचाई। कोंडागांव, सूरजपुर और जगदलपुर में हुए इन हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बचाव कार्य के बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है।

कोंडागांव: ट्रक और माजदा की टक्कर में दो मजदूरों की मौत

नेशनल हाईवे 30 पर एक तेज रफ्तार ट्रक और माजदा वाहन के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि माजदा में सवार मजदूर वाहन के मलबे में दब गए। इस हादसे में दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। फरसगांव पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।

सूरजपुर: खड़ी ट्रक से टकराई यात्री बस, 12 लोग जख्मी

सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में अंबिकापुर से बिहार जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के वक्त बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में करीब 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जगदलपुर: पुसपाल घाट पर पलटा हाईवा, जवानों ने बचाई जान

जगदलपुर के पुसपाल घाट पर गिट्टी से लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सहित तीन लोग वाहन के भीतर ही फंस गए थे। मौके पर तैनात सीआरपीएफ 188 बटालियन के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का हिस्सा काटकर फंसे हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों की इस मुस्तैदी के कारण चालक लक्ष्मण, योगेंद्र और कार्तिक की जान बच सकी। पुलिस ने सभी मामलों में दुर्घटना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *