इंग्लैंड के घरेलू पचास ओवर टूर्नामेंट में एक युवा बल्लेबाज ने ऐसा कारनामा किया है, जिसे देखकर सभी हैरान हैं। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद इस खिलाड़ी ने न केवल अपनी टीम को संभाला, बल्कि शानदार शतक जड़कर मैच का रुख ही बदल दिया। यह रोमांचक मुकाबला ग्लेमॉर्गन और ससेक्स के बीच खेला गया था।
मैच के दौरान ग्लेमॉर्गन की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने मात्र 54 रन के स्कोर पर अपने 5 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे। विरोधी टीम के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरुआती बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया था। ऐसा लग रहा था कि पूरी टीम बहुत कम स्कोर पर आउट हो जाएगी, लेकिन इसके बाद मैदान पर उतरे 19 साल के जैक होप-बेल और विकेटकीपर एलेक्स हॉर्टन ने मिलकर खेल का पूरा नक्शा बदल दिया।

दोनों खिलाड़ियों के बीच छठे विकेट के लिए रिकॉर्ड दो सौ चालीस रनों की बड़ी साझेदारी हुई। जैक होप-बेल ने 118 गेंदों का सामना करते हुए 123 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं उनके साथी खिलाड़ी एलेक्स हॉर्टन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 122 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने पचासवें ओवर तक टिककर बल्लेबाजी की और दोनों के करियर का यह पहला शतक है। इन दोनों की बदौलत टीम का स्कोर निर्धारित पचास ओवर में 295 रन तक पहुंच गया।