रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में ई-ऑफिस के बेहतर उपयोग और समय की पाबंदी के लिए मंत्रालयीन अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए। मुख्य सचिव ने मई के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि ई-ऑफिस को और अधिक प्रभावी बनाएं तथा कार्यालयीन समय पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी को प्रोत्साहित किया और अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा की।
विभागीय स्तर पर ई-ऑफिस के उत्कृष्ट प्रदर्शन में गृह विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि समाज कल्याण विभाग दूसरे और सामान्य प्रशासन विभाग तीसरे स्थान पर रहा। इस उपलब्धि के लिए समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, गृह विभाग की सचिव नेहा चम्पावत और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार को प्रशंसा पत्र दिए गए।
ई-ऑफिस पर फाइल निष्पादन के मामले में सामान्य प्रशासन एवं उद्योग-वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार को प्रथम स्थान मिला। विधि एवं विधायी कार्य विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
संयुक्त सचिव श्रेणी में अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के अनुपम त्रिवेदी प्रथम, भूपेंद्र कुमार राजपूत दूसरे और परिवहन विभाग के कमलेश बंसोड़ तीसरे स्थान पर रहे। उप सचिव श्रेणी में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के दूरदेशी राम सोन्टापर ने प्रथम स्थान हासिल किया। सामान्य प्रशासन विभाग-एक के किशोर कुमार भूआर्य दूसरे और सामान्य प्रशासन विभाग-6 की ऋतु वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
अवर सचिव श्रेणी में विधि विभाग के अरुण कुमार मिश्रा प्रथम, गृह विभाग के पूरन लाल साहू दूसरे और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के मगनलाल पवार तीसरे स्थान पर रहे। अनुभाग अधिकारी श्रेणी में सामान्य प्रशासन विभाग के नंदकुमार मेश्राम को प्रथम स्थान मिला। स्वास्थ्य विभाग के विरेंद्र कुमार दूसरे और वन विभाग के भोलेनाथ सारथी तीसरे स्थान पर रहे।
वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग के दूर्गेश रात्रे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के रामगोपाल सेन और स्कूल शिक्षा विभाग के कमलेश यादव को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान मिला। कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में नगरीय प्रशासन विभाग के उमेश यादव प्रथम, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के भानुप्रसाद दूसरे और सामान्य प्रशासन विभाग-2 के सुरेंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
समयबद्धता के लिए भी कई अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें नगरीय प्रशासन विभाग के अवर सचिव आनंद कुमार पटेल, राजस्व विभाग की स्टेनोटाइपिस्ट भावना यादव, खाद्य विभाग के कनिष्ठ सचिवालय सहायक हरि प्रसाद, सामान्य प्रशासन विभाग के निजी सचिव हरिश देवांगन, मुख्य लेखा अधिकारी जयंत कुमार देवांगन, भृत्य जीधन राम साहू और कई अन्य कर्मचारी शामिल थे। मुख्य सचिव ने सभी सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी और पूरे मंत्रालय में ई-ऑफिस संस्कृति तथा अनुशासन को मजबूत करने की अपील की।