चरित्र शंका में पति ने पार की हैवानियत की हदें, पत्नी का मुंडन कर बच्चों का पेशाब पीने पर किया मजबूर

सूरजपुर। जिले में वैवाहिक रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए चरित्र शंका में अपनी ही पत्नी को अमानवीय प्रताड़ना का शिकार बनाया। आरोपी ने न केवल अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और उसका मुंडन कर दिया, बल्कि उसे बच्चों का पेशाब पीने तक पर मजबूर कर दिया। दिल दहला देने वाली बात यह भी है कि आरोपी पति ने इस पूरी बर्बरता का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक दास्तान की शुरुआत साल 2006 में हुई थी, जब दोनों ने प्रेम विवाह किया था। सालों तक साथ रहने के बाद आपसी विवाद के कारण पिछले एक साल से दोनों अलग रह रहे थे। पीड़िता मूल रूप से सूरजपुर की रहने वाली है, जो बीते दिनों घूमने के लिए कोरिया जिले के पांडोपारा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी पति वहां पहुंचा और इस अमानवीय वारदात को अंजाम दिया।

इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि इतनी बर्बरता और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना के बावजूद, पटना थाना पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय मामले में बेहद मामूली धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस की इस ढीली कार्रवाई से आहत होकर पीड़िता ने स्थानीय नेता पंकज तिवारी से संपर्क किया। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत महिला आयोग, डीजीपी छत्तीसगढ़ और मुख्यमंत्री से की गई है। अब देखना होगा कि उच्च स्तर पर शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन कब हरकत में आता है और आरोपी पति कब तक सलाखों के पीछे पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *