महासमुंद के प्रसिद्ध मंदिर में बड़ी चोरी: भगवान के गहने और दान पेटी ले उड़े चोर, इलाके में हड़कंप

Pithora temple theft : पिथौरा (महासमुंद)। जिले के पिथौरा नगर स्थित प्रसिद्ध परमेश्वरी धाम मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। बेखौफ बदमाशों ने मंदिर की दान पेटी तोड़कर नगदी उड़ा ली और भगवान के कीमती आभूषणों पर भी हाथ साफ कर दिया। सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे, तब जाकर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मंदिर प्रबंधन और पुजारी के मुताबिक, चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी में रखी नगदी सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी है। परमेश्वरी धाम इस क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर में हुई इस दुस्साहसिक चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब देखना यह है कि पुलिस इस बड़ी चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *