रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है और मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं हल्की बारिश हो रही है तो कहीं बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। गुरुवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ।
इन जिलों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों में केशकाल और छिंदगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कांकेर, गंडई, जगदलपुर, बोराई, बड़े राजपुर, कुआकोंडा, माकड़ी और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजनांदगांव, धमधा, चारामा, तोंगपाल और अन्य कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं पूर्वी विदर्भ से तमिलनाडु तक भी एक अन्य मौसम प्रणाली बनी हुई है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। राजधानी में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश के आसार बने हुए हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।