पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में बीजेपी को मिल रही बड़ी बढ़त के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पहला बयान सामने आया है। भवानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में मतगणना केंद्र छोड़कर बाहर न आएं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती रुझानों में बीजेपी को आगे दिखाना एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है और चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि अभी केवल 4 राउंड की गिनती हुई है, जबकि कई सीटों पर 14 से 18 राउंड तक गिनती होनी बाकी है। उन्होंने सेंट्रल फोर्सेज पर टीएमसी कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि 100 से ज्यादा सीटों पर उनकी पार्टी आगे है, लेकिन यह जानकारी सही तरह से नहीं दिखाई जा रही। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि सूर्यास्त के बाद अंतिम नतीजे टीएमसी के पक्ष में होंगे और पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।