गरियाबंद। कलेक्टर बीएस उइके ने 7 जनवरी को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के एक दिवसीय प्रवास की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री चतुर्भुज सिरकट्टी पावन धाम स्थित नवनिर्मित श्रीरामजानकी मंदिर में धर्मध्वजा स्थापना एवं राजिम भक्तिन माता जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं की सुविधा, मंच व्यवस्था, आगंतुक बैठकों, हेलीपैड, पायलट विश्राम कक्ष, अस्थायी शौचालय, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, यातायात, सांस्कृतिक मंच, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, गोरखपुर गीताप्रेस दुकान लोकार्पण, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा एवं फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों के निर्देश दिए। राजिम कुंभ कल्प 2026 की तैयारियों पर भी गहन चर्चा हुई।
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी कार्यों में प्रगति, ग्रीष्मकालीन फसल चक्रिकरण के लिए दलहन-तिलहन एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, धान के स्थान पर मूंगफली, गेहूं, तिल, चना, मसूर, सरसों, मक्का जैसी फसलों के लिए शिविर आयोजित कर बीज वितरण करने के निर्देश दिए। किसानों की पहचान, फर्जी पंजीयन रोकने, कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने, किसान सम्मान निधि भुगतान, ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग एवं आधार सीडिंग सुनिश्चित करने तथा बाधारहित धान खरीदी के निर्देश दिए। स्कूल जतन योजना के मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
बैठक में जनपद सीईओ, आरईएस एवं लोक निर्माण विभाग को कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों-कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति के लिए आधार एवं बायोमेट्रिक प्रणाली अनिवार्य करने, 1 जनवरी से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्र आदान-प्रदान सुनिश्चित करने, धान खरीदी केंद्रों में बोगस उठाव पर सख्त कार्रवाई, राइस मिलों का पीवी ऐप से सत्यापन, मिलरों एवं परिवहन एजेंसियों के समन्वय से नियमित धान उठाव तथा लोडिंग प्रक्रिया का शॉर्ट वीडियो रिकॉर्ड करने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड ई-केवाईसी के लंबित मामलों का मिशन मोड में निराकरण, राशन वितरण में बायोमेट्रिक सत्यापन कर मृत एवं अनुपलब्ध सदस्यों का विलोपन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रगति, अपार आईडी शिविर, शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, पीएम जनमन, जनदर्शन, जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय जिला अधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकाय सीएमओ एवं तहसीलदार उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी स्वीकृत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।