हिंगोरा सिंह, लखनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुंवरपुर में जमीन नापजोख के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि महिलाओं ने ईंट-पत्थर से हमला कर एक ग्रामीण को घायल कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए लखनपुर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के मुताबिक विनोद नामक व्यक्ति ने जमीन सीमांकन के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। पटवारी के निर्देश पर संबंधित जमीन के आसपास रहने वाले ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन नापने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ गया और कुछ महिलाओं ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में आलम साय के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे खून निकलने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल ग्रामीण ने लखनपुर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने आवेदन दिया।
पुलिस ने मामले में धारा 296(b), 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।