गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मझगवां गांव के पास एक बेकाबू और तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस जबरदस्त टक्कर के कारण मौके पर ही चाचा और भतीजे की जान चली गई, जबकि उनके साथ बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक चाचा और भतीजा अपने परिवार में होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। दिनभर कार्ड बांटने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे। थकान महसूस होने पर वे मझगवां गांव के पास सड़क किनारे बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। चश्मदीदों के मुताबिक बाइक की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।
इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।