कांकेर। छत्तीसगढ़ के होनहार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा और भारतीय वन सेवा परीक्षा पास करने का सपना अब और आसान होने जा रहा है। कोल इंडिया लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत एक सराहनीय कदम उठाते हुए ‘निर्माण-2026’ योजना की शुरुआत की है। इस खास पहल के जरिए प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) पास करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (Mains) की तैयारी के लिए ₹1 लाख की एकमुश्त वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
कौन ले सकता है इस योजना का लाभ?
इस योजना का मुख्य उद्देश्य तंगहाली के बीच प्रशासनिक सेवाओं में जाने का ख्वाब देखने वाले युवाओं को सहारा देना है। लाभ उठाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं:
निवासी: उम्मीदवार का छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, असम, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश या पश्चिम बंगाल का मूल निवासी होना जरूरी है।
योग्यता: अभ्यर्थी ने वर्ष 2026 की UPSC सिविल सेवा या भारतीय वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा क्लियर की हो।
पारिवारिक आय: वित्तीय वर्ष 2025-26 में उम्मीदवार के परिवार की कुल सालाना आमदनी 8 लाख रुपए से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
इन्हें नहीं मिलेगा फायदा
योजना के नियमों के मुताबिक, कोल इंडिया लिमिटेड या उसकी किसी भी सहयोगी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों और उनके आश्रितों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा, केंद्र या राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेशों और किसी भी सरकारी उपक्रम (PSU) में स्थाई रूप से काम कर रहे लोग भी आवेदन के पात्र नहीं होंगे। साथ ही, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ‘निर्माण-2024’ या ‘निर्माण-2025’ योजना का लाभ लिया है, उन्हें दोबारा यह सहायता नहीं दी जाएगी।
ऐसे करना होगा आवेदन
जैसे ही UPSC प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम घोषित होंगे, पात्र स्टूडेंट्स कोल इंडिया लिमिटेड के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपना पासपोर्ट साइज फोटो, सिग्नेचर, यूपीएससी प्रीलिम्स का एडमिट कार्ड, वैलिड आईडी प्रूफ, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और बैंक अकाउंट की पासबुक की डिटेल अपलोड करनी होगी।
कांकेर में 28 जून को पीएटी प्रवेश परीक्षा, बनाए गए 4 केंद्र
इसी के साथ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा आगामी 28 जून को पी.ए.टी. (PAT) एवं पी.वी.पी.टी. (PVPT) प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन किया जाएगा। कांकेर जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 804 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने जिला मुख्यालय में चार केंद्र तय किए हैं।
कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा व्यवस्था की कमान डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर (नोडल अधिकारी) और सहायक संचालक शिक्षा लक्ष्मण कावड़े (सहायक नोडल अधिकारी) को सौंपी है। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी। इसके लिए शासकीय भानुप्रताप देव पीजी कॉलेज (300 छात्र), शासकीय नरहरदेव स्कूल (300 छात्र), शासकीय इंदरू केवट कन्या महाविद्यालय (104 छात्र) और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम मॉडल कॉलेज (100 छात्र) को केंद्र बनाया गया है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की हिदायत दी है।