डोंगरगढ़ के कोहलाकसा जंगल में जंगली सूअर के हमले से हड़कंप मच गया। तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं के समूह पर अचानक हमला हुआ, जिसमें 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, चिचोला, मूंगलानी और नारायणगढ़ गांव की करीब 10 महिलाएं जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं, तभी जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में कई महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों में कोलहाकसा गांव की फूलबाई साहू की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उनके सीने और हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।