हिंदू धर्म शास्त्रों और ज्योतिष शास्त्र में शनि देव को कर्मफल दाता और न्यायधीश का दर्जा दिया गया है, जो जातक को उसके अच्छे-बुरे कर्मों के आधार पर फल देते हैं। नवग्रहों में शनि देव को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इनकी चाल का असर देश-दुनिया के साथ-साथ सभी 12 राशियों के जातकों पर गहरा पड़ता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, शनि देव की साढ़ेसाती एक ऐसी अवधि है जिससे इंसान तो क्या, स्वयं देवता भी नहीं बच पाए हैं।
साढ़े सात साल तक चलने वाली इस अवधि को लेकर अमूमन लोगों में काफी डर रहता है, लेकिन असल में यह समय केवल कष्टों का ही नहीं होता, बल्कि कड़ी मेहनत करने वालों को अपार सफलता और जीवन का सबसे बड़ा अनुभव भी देता है। ज्योतिषविदों के अनुसार, शनिवार को व्रत, पूजा-पाठ और विशेष उपाय करने से साढ़ेसाती के दौरान मिलने वाले कष्टों से बड़ी राहत पाई जा सकती है।
शनि की साढ़ेसाती कुल तीन चरणों में पूरी होती है और हर चरण का जातक के जीवन पर अलग-अलग तरह का प्रभाव और बदलाव देखने को मिलता है:
पहला चरण (कुंडली का 12वां भाव)
शनि देव जब किसी जातक की कुंडली के 12वें भाव में प्रवेश करते हैं, तो साढ़ेसाती के पहले चरण की शुरुआत मानी जाती है। इस दौरान व्यक्ति के खर्चे अचानक बढ़ जाते हैं और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। नौकरी या व्यवसाय में बदलाव की स्थितियां बनती हैं और पारिवारिक जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ता है। हालांकि, ज्योतिष में इस समय को भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का काल भी माना जाता है।
दूसरा चरण (चंद्र राशि पर गोचर)
जब शनि चंद्र राशि पर गोचर करते हैं, तब साढ़ेसाती के दूसरे और सबसे महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत होती है। इस दौरान जातक के जीवन में बड़े और अप्रत्याशित बदलाव आते हैं। मानसिक दबाव बढ़ता है और व्यक्ति के निर्णयों की कड़ी परीक्षा होती है। करियर से जुड़े उतार-चढ़ाव इस अवधि में आम हैं, लेकिन साढ़साती के इस चरण में ईमानदारी से मेहनत करने वालों को सफलता भी खूब मिलती है।
तीसरा चरण (जन्म राशि से दूसरा भाव)
जब शनि देव जन्म राशि से दूसरे भाव में प्रवेश करते हैं, तो साढ़ेसाती के तीसरे और अंतिम चरण की शुरुआत होती है। इस चरण में आकर व्यक्ति के जीवन में धीरे-धीरे स्थिरता (Stability) लौटने लगती है। पिछले साढ़े पांच वर्षों के संघर्ष से जातक को बड़ा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। हालांकि, ज्योतिषविद इस अवधि में आर्थिक मामलों, परिवार और अपनी वाणी पर विशेष नियंत्रण रखने की सलाह देते हैं।