रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी है। इससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को कुछ राहत मिली है। हालांकि मानसून की रफ्तार अपेक्षा से धीमी रहने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है और किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के कई इलाकों में मध्यम से तेज मेघगर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी सामने आई हैं। विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार करपावंड और सामरी में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बास्तानार में 4 सेंटीमीटर, जबकि बकावंड, अंबिकापुर और भनपुरी में 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रायपुर शहर, दुर्ग, नगरी, पलारी, कोंडागांव, छुईखदान और अन्य कई क्षेत्रों में भी बारिश हुई।
शुक्रवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रायपुर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम सक्रिय बना रहेगा। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर में बारिश और अंधड़ के संकेत
राजधानी रायपुर में शनिवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे प्रदेश के अधिक हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।