NEET री-एग्जाम से पहले NTA की बड़ी चूक! नागपुर के छात्र को मिला अबूधाबी परीक्षा केंद्र, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। देशभर में 21 जून को होने वाली NEET UG री-एग्जाम से पहले एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नागपुर के एक छात्र को परीक्षा केंद्र के रूप में अबूधाबी (UAE) आवंटित किए जाने का मामला सामने आया है। परीक्षा में सिर्फ एक दिन बाकी होने के कारण छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी अब्दुल्ला मोहम्मद ने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा को प्राथमिकता दी थी। इसके बावजूद जारी एडमिट कार्ड में उसका परीक्षा केंद्र अबूधाबी दिखाया गया। सबसे बड़ी बात यह है कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं है।

एडमिट कार्ड देखकर परिवार के उड़े होश

अब्दुल्ला और उसके परिजनों ने जब एडमिट कार्ड देखा तो वे हैरान रह गए। छात्र का कहना है कि उसने कभी विदेश में परीक्षा केंद्र की मांग नहीं की थी। ऐसे में अंतिम समय पर सामने आई इस गड़बड़ी ने उसकी तैयारी और मानसिक स्थिति दोनों को प्रभावित किया है।

परिवार का कहना है कि 24 से 48 घंटे के भीतर पासपोर्ट, वीजा और यात्रा की व्यवस्था करना किसी भी सामान्य छात्र के लिए संभव नहीं है। इसलिए तुरंत सुधार की जरूरत है।

हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्र ने NTA की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए आश्वासन दिया कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।

पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने भी इस मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में ऐसी लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार, छात्र के भविष्य से जुड़े मामलों में अधिक सतर्कता बरती जानी चाहिए।

री-एग्जाम की तैयारियों पर उठे सवाल

NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी लगातार पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा कराने का दावा कर रही है। हालांकि, परीक्षा से ठीक पहले सामने आई इस घटना ने तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल छात्र को भरोसा दिलाया गया है कि उसे नया एडमिट कार्ड जारी कर नागपुर में ही परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा। अब सभी की नजर NTA के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *