Ujjain Bank Theft : खाचरोद (उज्जैन)। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में एक ऐसी अनोखी चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस और बैंक प्रबंधन की नींद उड़ा दी है। खाचरोद के मंडी क्षेत्र स्थित जिला सहकारी बैंक में चोरों ने सेंधमारी तो की, लेकिन उनका मकसद पैसा नहीं बल्कि बैंक का ‘डेटा’ था। चोरों ने बैंक के लॉकर में रखे करीब 85 लाख रुपए के कैश को हाथ तक नहीं लगाया और सीधे कंप्यूटर सिस्टम का CPU लेकर फरार हो गए।
डिजिटल सबूत मिटाने की पूरी तैयारी यह घटना रविवार की छुट्टी के दौरान अंजाम दी गई। बदमाशों ने बड़ी चालाकी से बैंक का चैनल गेट और ताला तोड़ा। अंदर घुसते ही सबसे पहले CCTV कैमरों के तार काटे गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने तिजोरी के पास पहुंचने के बाद भी नकदी को नजरअंदाज कर दिया और केवल उस सिस्टम को निशाना बनाया जिसमें बैंक का महत्वपूर्ण डेटा मौजूद था। सबूत मिटाने के लिए चोर अपने साथ सीसीटीवी का DVR भी ले गए।
अंदरूनी साजिश या डेटा मिटाने का खेल? पुलिस इस मामले को सामान्य चोरी के बजाय एक बड़ी सोची-समझी साजिश मान रही है। अधिकारियों को शक है कि बैंक का कोई खास रिकॉर्ड या ट्रांजेक्शन डेटा मिटाने के लिए ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि इसमें किसी ऐसे अंदरूनी व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे बैंक के डिजिटल सिस्टम और सुरक्षा की पूरी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस और साइबर टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।