चेन्नई।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना में सबसे बड़ा उलटफेर कोलाथूर सीट पर देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी पारंपरिक सीट पर सुपरस्टार विजय की पार्टी टीवीके के उम्मीदवार वीएस बाबू से पिछड़ गए हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, वीएस बाबू को 41,616 वोट मिले हैं, जबकि एमके स्टालिन 33,641 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। टीवीके उम्मीदवार फिलहाल 7,975 वोटों की महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए हैं।
वीएस बाबू पूर्व में डीएमके के ही विधायक रहे हैं, जो इस साल फरवरी में विजय की पार्टी में शामिल हुए थे। केवल कोलाथूर ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में टीवीके का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। नई नवेली पार्टी होने के बावजूद विजय की टीवीके 109 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है, जबकि डीएमके 60 और एआईडीएमके 65 सीटों पर सिमटती दिख रही है। 23 अप्रैल को हुए मतदान के ये रुझान बताते हैं कि तमिलनाडु की जनता ने द्रविड़ राजनीति के स्थापित चेहरों के मुकाबले थलपति विजय पर भरोसा जताया है।