भाटापारा। सिओन क्रिकेट अकादमी भाटापारा द्वारा आयोजित समर क्रिकेट कैंप का समापन समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, पार्षद एवं साहू समाज अध्यक्ष राजेश साहू विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समापन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। समर कैंप के दौरान खिलाड़ियों ने भीषण गर्मी और कड़कती धूप के बीच उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस दौरान राजकुमार मल, गिरीश वाढेर और जिला ओलंपिक संघ सचिव आदित्य सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में किशन भट्ट, नीलम जेम्स, राहुल साहू और रिकी यादव का विशेष सहयोग रहा।
अंत में अकादमी के कोच सुमित सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, सहयोगियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सिओन क्रिकेट अकादमी के सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी खेल प्रतिभा को और अधिक निखारने का संकल्प दोहराया।