ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा, दंपती ने 40 लाख की ठगी की; सोने के गहने गिरवी रखकर भी ऐंठे पैसे, दोनों गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई। ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये और उसकी सहेली के सोने के आभूषण हड़पने वाले दंपती को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने निवेश पर अधिक रिटर्न का लालच देकर पहले विश्वास जीता और फिर करीब 40 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया फातिमा अहमद उर्फ स्वाती ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने खुद को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताकर ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने विभिन्न किश्तों में उससे लगभग 25 लाख रुपये ले लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थिया की सहेली रजनी बारसकर के करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी हासिल कर लिए। बाद में इन गहनों को अपने नाम से पावर हाउस चौक स्थित आईआईएफएल गोल्ड फाइनेंस में गिरवी रखकर रकम प्राप्त कर ली। ठगी का पता चलने पर दोनों फरार हो गए थे।
मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ाए
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पवन हरिहर सिंह (49) और पिंकी सिंह (42) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।
दस्तावेज और साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी से जुड़े दस्तावेज, सोने के आभूषण गिरवी रखने संबंधी अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
लालच बना ठगी का हथियार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने निवेश पर असामान्य लाभ का लालच देकर लोगों का विश्वास जीता और आर्थिक फायदा उठाने की नीयत से पूरी साजिश रची। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *