शहडोल मेडिकल कॉलेज में गुंडागर्दी: तड़पते घायल के परिजनों ने मांगी मदद तो स्टाफ ने की धक्का-मुक्की, मोबाइल छीनने का वीडियो वायरल

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल स्थित शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों के घेरे में है जहां सड़क हादसे में घायल एक युवक के परिजनों के साथ अस्पताल स्टाफ द्वारा बदसलूकी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। दरअसल उमरिया जिले के रहने वाले संजय यादव अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे तभी हर्री टोल प्लाजा के पास कार की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जब परिजन उन्हें नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे और ब्लीडिंग ज्यादा होने पर इलाज की गुहार लगाई तो वहां मौजूद स्टाफ मदद करने के बजाय उलझ गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिससे सरकारी अस्पताल की संवेदनहीनता उजागर हो गई है।

खून से लथपथ मरीज को छोड़ परिजनों से भिड़ा मेडिकल स्टाफ, थाने पहुंची अभद्रता की शिकायत

मैदानी सूत्रों ने बताया कि जब घायल संजय की हालत बिगड़ने लगी तो उनकी सास ने स्टाफ से मिन्नतें कीं लेकिन आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। जब घायल के साले ने इस पूरी लापरवाही का वीडियो बनाना शुरू किया तो भड़के मेडिकल स्टाफ और सुरक्षा गार्डों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। गौरतलब है कि अस्पताल परिसर के भीतर हुई इस गुंडागर्दी से वहां मौजूद अन्य मरीज और उनके तीमारदार भी सहम गए। पीड़ित परिवार ने अब सोहागपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर स्टाफ की पहचान की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *