रायपुर। रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले खारुन नदी के पुराने पुल की मरम्मत का काम रिकॉर्ड 16 दिनों में पूरा कर लिया गया है। प्रशासन ने इस कार्य के लिए 30 दिनों का समय तय किया था, लेकिन निर्माण एजेंसी और पुलिस के बेहतर तालमेल से इसे समय से पहले ही पूरा कर लिया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद गुरुवार शाम को ट्रायल सफल रहा और शुक्रवार सुबह से ब्रिज को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
हर दिन इस ब्रिज से लगभग डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं, जिसे देखते हुए रायपुर और दुर्ग पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए थे। दोनों जिलों के 80 से ज्यादा ट्रैफिक जवान और अधिकारी प्रतिदिन सुबह-शाम सड़कों पर तैनात रहे। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने लगातार काम की गति और ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया, वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने भी दोनों जिलों के बीच बेहतर समन्वय की सराहना की है।
उल्लेखनीय है कि मरम्मत कार्य के चलते 31 मार्च की रात से भारी वाहनों का प्रवेश इस मार्ग पर बंद कर दिया गया था। छोटे वाहनों को कुम्हारी की ओर बने नए पुल और पुराने लघु पुल से निकाला जा रहा था। रायपुर की ओर टाटीबंध चौक, रायपुरा ब्रिज और सिलतरा बाईपास पर भी यातायात सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया था।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार, 24 घंटे चले काम और पुलिस बल की मेहनत से यह लक्ष्य समय से पहले हासिल हुआ है। शुक्रवार से भारी और हल्के सभी वाहनों की आवाजाही पहले की तरह सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।