थाने के लॉकअप में युवक ने गटका अज्ञात पदार्थ, अस्पताल में जमकर किया हंगामा…वीडियो वायरल

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाने में गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नशे की हालत में पहुंचे एक युवक ने लॉकअप के भीतर अज्ञात तरल पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस द्वारा युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा करते हुए इलाज कराने से मना कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को रात करीब 10:30 बजे जांजगीर निवासी गोपाल शर्मा (पिता स्वर्गीय रामेश्वर प्रसाद शर्मा) अत्यधिक नशे की हालत में कोतवाली थाने पहुंचा। वहां कुछ देर बैठने के बाद वह अचानक थाना प्रभारी के नाम पर गाली-गलौज करने लगा। थाने में तैनात स्टाफ ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो वह विवाद पर उतारू हो गया।

समझाइश के दौरान ही गोपाल शर्मा अचानक हवालात (लॉकअप) के भीतर घुस गया और अपने साथ प्लास्टिक की बोतल में लाए किसी अज्ञात तरल पदार्थ को पी लिया। पीछे से पुलिस स्टाफ जब तक उसे रोकने अंदर पहुंचता, तब तक वह फर्श पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उठाकर बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यह पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

जिला अस्पताल पहुंचने के बाद भी युवक का हंगामा शांत नहीं हुआ। उसने डॉक्टरों से इलाज कराने से साफ इनकार कर दिया और चिकित्सा कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवक की पत्नी और बेटे आर्यन शर्मा को फोन पर सूचना दी और उनकी बात गोपाल शर्मा से कराई। मौके पर पुलिस अधिकारी, डॉक्टर और स्थानीय पत्रकार भी मौजूद थे, जिन्होंने युवक को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। अंततः उसके बेटे आर्यन शर्मा के अस्पताल पहुंचने पर स्थिति सामान्य हुई और उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *