रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी के तेवर कड़े होते जा रहे हैं। गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पारा 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा। विभाग ने 19 अप्रैल तक रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में लू (ग्रीष्म लहर) चलने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम 19.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है। साथ ही, राजस्थान से मणिपुर तक और मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक द्रोणिकाएं सक्रिय हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर भी एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि, बस्तर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की स्थिति बन सकती है, लेकिन मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा।
राजधानी रायपुर में भी शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने और लू चलने के आसार हैं। यहाँ अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी महसूस होगी।