रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में दिनभर तेज धूप और चिपचिपी गर्मी का असर देखने को मिला। हालांकि अब मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 27 जून से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है। इसके चलते कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने के आसार हैं।
इन जिलों में हुई बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। कुसमी, बस्तर और बकावंड में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं बलरामपुर और गीदम में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की घटनाएं भी सामने आईं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा मौसमी द्रोणिका के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसी वजह से आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है।
रायपुर का Weather Update
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। दिन में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थान पर रहें। यदि मानसून की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।