रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा, एक गंभीर घायल; ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

रजरप्पा/रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक Road Accident में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास हुआ, जहां ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची के RIMS रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे। वे मुहर्रम पर्व में कार्यक्रम समाप्त कर अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे जैसे ही उनका वाहन लारी बुध बाजार स्थित होटल सम्राट के पास पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच लोग कुजू के बलसगरा गांव के रहने वाले थे। सभी की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

हादसे के बाद शुक्रवार सुबह तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *