सक्ती। छत्तीसगढ़ के नवगठित सक्ती जिले से रेत माफियाओं की गुंडागर्दी और बेखौफ हौसलों की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सक्ती थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 के अंतर्गत आने वाले नगर के एक व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध रेत परिवहन कर रहे माफियाओं ने कवरेज करने पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार को जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर भारी-भरकम हाईवा वाहन चढ़ाने (कुचलने) का प्रयास किया। रेत माफिया के गुर्गे ने पत्रकार को खुलेआम धमकी देते हुए कहा, “अगर हाईवा रोकोगे तो इसी के नीचे कुचल दूंगा।” यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती नगर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से रेत का अवैध कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। इसी की जमीनी हकीकत जानने और जानकारी एकत्र करने के लिए जब पत्रकार मौके पर पहुंचे और वाहन चालक से पूछताछ शुरू की, तो वह भड़क गया। अधिकारियों की शह और किसी भी तरह की कार्रवाई का डर न होने के कारण माफिया के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने सरेराह नगर के बीचोबीच पत्रकार के ऊपर ही वाहन को आगे बढ़ा दिया। पत्रकार ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
इस घटना के बाद से स्थानीय मीडियाकर्मियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सक्ती में प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी और खनिज विभाग की निष्क्रियता पर भी अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण ही सक्ती जिले में रेत माफिया कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर अवैध उत्खनन और परिवहन को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ित पत्रकार ने मामले की शिकायत सक्ती थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।