रायगढ़। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक जीता-जागता उदाहरण छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सामने आया है। यहाँ इंस्टाग्राम पर हुई एक दोस्ती युवती के लिए भयानक जाल बन गई। अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को प्रताड़ित करने वाले एक सनकी युवक को रायगढ़ की महिला थाना और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दबोच लिया है।
इंस्टाग्राम चैट से शुरू हुआ था खेल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती की पहचान आरोपी से करीब 7-8 महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और नंबर एक्सचेंज हो गए। बातचीत जब मोबाइल कॉल तक पहुंची, तो आरोपी का असली रंग सामने आने लगा।
इस साल 5 जनवरी को आरोपी रायगढ़ पहुंचा और मेडिकल कॉलेज रोड के पास युवती को बुलाकर उसके साथ बदतमीजी की। विरोध करने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से युवती लंबे समय तक घुटती रही और चुप बैठी रही।
धमकी देकर ले गया मथुरा, परिजनों को भेजने लगा अश्लील पोस्ट
हद तो तब हो गई जब 30 अप्रैल को आरोपी ने युवती पर साथ घूमने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने युवती के कुछ वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डर के मारे युवती उसके साथ मथुरा चली गई। 4 मई को जब वह वापस रायगढ़ लौटी, तो आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया और सिर्फ सिम कार्ड वापस किया।
घर लौटकर युवती ने रोते हुए अपने घरवालों को पूरी आपबीती बताई। मामला यहीं नहीं थमा, आरोपी ने युवती के परिजनों की आईडी पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजने शुरू कर दिए। परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी, आरोपी यूट्यूबर निकला
पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। आज पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रेलवे स्टेशन के आसपास मंडरा रहा है। साइबर सेल और महिला थाना की टीम तुरंत एक्टिव हुई और चक्रधरनगर इलाके में घेराबंदी करके आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ सिंह राजपूत (24 वर्ष) निवासी गया (बिहार) बताया। आरोपी खुद को यूट्यूबर कहता है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल वनप्लस मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस कामयाबी पर टीम की तारीफ की और महिलाओं से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील की है।