सुशासन तिहार: कोसला गांव में अचानक उतरा सीएम विष्णुदेव साय का हेलिकॉप्टर, प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को पूरे एक्शन मोड में नजर आए। प्रदेश में चल रहे ‘सुशासन तिहार’ का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ने अचानक जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के कोसला गांव का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जैसे ही अचानक गांव के मैदान में उतरा, पूरे प्रशासनिक अमले और जिला मुख्यालय में हड़कंप मच गया। अधिकारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत

सीएम के अचानक पहुंचने की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। कोसला गांव के लोगों ने अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर बेहद आत्मीय और पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी बिना किसी प्रोटोकॉल की परवाह किए सीधे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना।

10 जून तक चलेगा ‘सुशासन तिहार 2026’

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार इन दिनों आम जनता की शिकायतों और समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए पूरे प्रदेश में “सुशासन तिहार 2026” अभियान चला रही है। यह विशेष अभियान आगामी 10 जून 2026 तक छत्तीसगढ़ के सभी ग्रामीण और शहरी इलाकों में चलाया जाएगा। इसके तहत जगह-जगह बड़े जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

ग्राउंड जीरो पर खुद पहुंचे मुख्यमंत्री

अधिकारियों की कार्यशैली और शिविरों की जमीनी हकीकत परखने के लिए खुद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मोर्चा संभाल लिया है। कोसला गांव पहुंचे सीएम साय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि सुशासन तिहार का मकसद आखिरी व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसमें ढिलाई बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई होगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *