मानवता की मिसाल बना सोठी का कुष्ठ निवारक आश्रममुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- यह सेवा का सच्चा तीर्थ

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के सोठी (कात्रेनगर) स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा कर संस्था के छह दशक से अधिक समय से चल रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आश्रम केवल एक चिकित्सा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का ऐसा जीवंत केंद्र है, जहां “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना वास्तविक रूप में दिखाई देती है।


आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री का संस्था के पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने संस्था के प्रमुख श्री सुधीर देव से आश्रम की चिकित्सा व्यवस्था, पुनर्वास कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने गौशाला पहुंचकर गौ-पूजन किया और गायों को हरी घास खिलाई। आश्रम में निवासरत रोगियों से मुलाकात कर उन्हें उपहार भी भेंट किए।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुष्ठ रोग केवल एक शारीरिक बीमारी नहीं, बल्कि लंबे समय तक सामाजिक उपेक्षा और भेदभाव का कारण भी रहा है। ऐसे समय में भारतीय कुष्ठ निवारक संघ ने रोगियों को परिवार की तरह अपनाकर उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ जीने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को आत्मसम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा करना समाज की सबसे बड़ी सेवा है। संस्था मरीजों को निःशुल्क उपचार, दवाइयां, आवास, भोजन, वस्त्र और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर भी बना रही है। जैविक खेती, गौशाला संचालन, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से आश्रम सेवा और प्रकृति संरक्षण का संतुलित मॉडल प्रस्तुत कर रहा है। वहीं, निःशुल्क चिकित्सा शिविरों और सेवा यात्राओं के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी संस्था की उल्लेखनीय उपलब्धि है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में मानव सेवा, अहिंसा और गौरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए संस्था को मिला राज्य स्तरीय यति यतनलाल सम्मान उसके छह दशक लंबे समर्पण और सेवा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को ऐसी संस्थाएं जमीन पर साकार कर रही हैं। राज्य सरकार भी अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, सम्मान और

सामाजिक सुरक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध


मुख्यमंत्री साय ने आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे यूनिट, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने धनवंतरी जनकल्याण समिति सोसायटी, रायपुर द्वारा संचालित कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का भी निरीक्षण किया।

आश्रम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान 300 से अधिक लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की स्क्रीनिंग और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आश्रम के चिकित्सक समय-समय पर आसपास के गांवों और स्कूलों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी प्रदान करते हैं।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक किरण सिंह देव, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आश्रम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *