इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को अदालत से जमानत मिलने के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में उबाल आ गया है। भाजपा की फायरब्रांड नेता और प्रदेश प्रवक्ता उषा ठाकुर ने इस अदालती फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद दुखद और हैरान करने वाला बताया है। उन्होंने पुलिस की जांच और लगाई गई कमजोर धाराओं पर सीधे सवाल दागते हुए कहा कि अगर इतने जघन्य और गंभीर अपराधों के आरोपी इतनी आसानी से बाहर आने लगेंगे तो यह पूरे सिस्टम के लिए शर्म की बात है।
मां अहिल्या की नगरी में एंट्री पर दी सीधी चेतावनी
उषा ठाकुर ने सोनम रघुवंशी के इंदौर आने की चर्चाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि इंदौर की जनता ऐसे अपराधियों को अपनी धरती पर कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए उम्मीद जताई कि वे इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे जहां से उन्हें वास्तविक न्याय जरूर मिलेगा। भाजपा प्रवक्ता के इस आक्रामक तेवर के बाद अब यह कानूनी मामला पूरी तरह से राजनीतिक और सामाजिक रंग ले चुका है जिससे आने वाले दिनों में प्रशासन और पुलिस पर दबाव बढ़ना तय माना जा रहा है।
