रायपुर। छत्तीसगढ़ के विमान यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से अब इंडिगो और एयर इंडिया के बाद एक और बड़ी विमानन कंपनी अपनी सेवाएं शुरू करने जा रही है। अकासा एयरलाइंस जल्द ही रायपुर से अपनी उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है। इस नई सेवा के प्रारंभ होने से रायपुर और मुंबई के बीच हवाई कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत हो जाएगी।
ट्रैवेल्स सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, रायपुर-मुंबई रूट पर यात्रियों का भारी दबाव रहता है और रोजाना करीब 1400 से अधिक लोग इस सेक्टर में सफर करते हैं। वर्तमान में मुंबई के लिए इंडिगो की 4 उड़ानें संचालित हो रही हैं, लेकिन अकासा एयरलाइंस की एंट्री के बाद इस रूट पर उड़ानों की कुल संख्या बढ़कर 5 हो जाएगी। माना जा रहा है कि विमानन कंपनी के अधिकारी इस समय यात्रियों की संख्या और संभावनाओं को लेकर जमीनी सर्वे कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगामी सितंबर महीने से इस सेवा को हरी झंडी मिल सकती है। फिलहाल एयरपोर्ट पर कंपनी का आधिकारिक दफ्तर खुलना बाकी है, जिसके बाद इसका पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा।
बर्ड हिट के कारण दिल्ली-रायपुर फ्लाइट हुई लेट इसी बीच, बुधवार सुबह दिल्ली से रायपुर आ रहे एयर इंडिया के एक विमान से लैंडिंग के दौरान अचानक एक पक्षी टकरा गया। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री व क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित रहे। लेकिन जरूरी सुरक्षा मानकों और तकनीकी जांच (SOP) की प्रक्रिया पूरी करने में करीब एक घंटे का समय लगा, जिसकी वजह से बाकी उड़ानों के संचालन में भी दो घंटे तक की देरी देखी गई।