24 घंटे में सुलझी 10 लाख की सनसनीखेज लूट की गुत्थी, ऑफिस बॉय ही निकला मास्टरमाइंड

रमेश गुप्ता रायपुर। नया रायपुर में मजदूरों के भुगतान के लिए ले जाए जा रहे 10 लाख रुपए की लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस कंपनी की रकम लूटी गई, उसी कंपनी का कर्मचारी इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। आरोपी ने अपने भाई और उसके साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश राव (22) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 लाख 70 हजार रुपए नगद, वारदात में इस्तेमाल की गई बर्गमैन स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10.80 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मजदूरों के भुगतान के लिए ले जाई जा रही थी रकम
जानकारी के अनुसार निर्माण व्यवसायी अतुल अग्रवाल की कंपनी का कार्य नया रायपुर के सेक्टर-26 में चल रहा है। 16 जून को कंपनी के कर्मचारी विद्यासागर डहरिया को मजदूरों के भुगतान के लिए 10 लाख रुपए नकद दिए गए थे। वह रकम लेकर मोटरसाइकिल से नया रायपुर जा रहा था।
शाम करीब 6:17 बजे रायपुर-सेरीखेड़ी मार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास दो युवकों ने उसका पीछा किया और बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज
घटना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और कंपनी के कर्मचारियों की गतिविधियों की जांच की।
जांच के दौरान कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत दिनेश राव की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पूछताछ में वह लगातार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
एक महीने पहले बनाई थी लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में दिनेश राव ने बताया कि वह वर्ष 2022 से कंपनी में कार्यरत था और उसे कंपनी की नगदी के आवागमन की पूरी जानकारी रहती थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने करीब एक माह पहले लूट की योजना बनाई।
घटना वाले दिन उसे पता था कि विद्यासागर 10 लाख रुपए लेकर निकलेगा। उसने अपने भाई और उसके साथी को बुलाकर कर्मचारी की पहचान कराई और दोनों को उसका पीछा करने भेज दिया। आरोपियों ने रास्ते में चाकू दिखाकर रकम लूट ली। बाद में तीनों अमलेश्वर में मिले, जहां दिनेश ने पूरी रकम अपने कब्जे में ले ली। उसने अपने दोनों साथियों को 30-30 हजार रुपए दिए और शेष 9.70 लाख रुपए अपने पास रख लिए।
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने आरोपी दिनेश राव के कब्जे से लूटी गई राशि का अधिकांश हिस्सा बरामद कर लिया है। उसके खिलाफ मंदिर हसौद थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश राव (22 वर्ष) मूल रूप से ग्राम सिरौलमू, थाना छत्तरपुर बरमपुर, जिला गंजाम (ओडिशा) का निवासी है। वर्तमान में वह रायपुर के चौबे कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था और संबंधित कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *