कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में हुई खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुरानी रंजिश के चलते भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और उनके साथियों की फॉर्च्यूनर गाड़ी में आग लगा दी गई थी, जिससे लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके दो साथियों नागेंद्र सिंह और विरेन्द्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तिहरे हत्याकांड के बाद शांतिभंग होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया है।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महलपारा बैकुंठपुर, नौगई और कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट के आसपास के 300 मीटर के दायरे में तत्काल प्रभाव से धारा 163 लागू कर दी है। इस आदेश के तहत प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के घातक अस्त्र-शस्त्र, हथियार या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने और आमसभा आयोजित करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही इलाके में किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक नारे लगाने या पोस्टर बांटने पर भी रोक रहेगी।
यह पूरी घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की है, जब लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे। वहां पुराने विवाद को लेकर मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और उनके अन्य साथियों ने लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और तीन लोगों की जान चली गई। फिलहाल प्रशासन और पुलिस बल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।