राजगढ़. जिले से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने अधिकारी और कर्मचारी के बीच के फासले को पूरी तरह खत्म कर दिया है। जिला पंचायत में अपनी लंबी सेवाएं देने के बाद जब एक ड्राइवर की सेवानिवृत्ति का वक्त आया तो जिला पंचायत सीईओ आईएएस इच्छित गढ़पाले ने इस पल को यादगार बनाने के लिए प्रोटोकॉल की परवाह नहीं की। सालों तक जिस ड्राइवर ने अधिकारियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया उसी के सम्मान में विदाई समारोह के बाद आईएएस गढ़पाले खुद ड्राइवर की सीट पर बैठ गए। उन्होंने पूरे सम्मान के साथ रिटायर्ड ड्राइवर को उनके घर तक पहुंचाया जिसे देखकर वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया और यह पल उस कर्मचारी के जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण बन गया।
इंटरनेट पर वायरल हुआ आईएएस का यह अनोखा अंदाज
आमतौर पर साहब और ड्राइवर के बीच एक औपचारिक दूरी देखी जाती है लेकिन आईएएस इच्छित गढ़पाले की इस संवेदनशीलता ने प्रशासन के मानवीय चेहरे को जनता के सामने रखा है। इस सादगी भरे कदम की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग अधिकारी के इस व्यवहार की जमकर सराहना कर रहे हैं। राजगढ़ जिला पंचायत में हुए इस विदाई समारोह ने यह संदेश दिया है कि पद और प्रतिष्ठा से ऊपर इंसानियत होती है और हर सेवा का सम्मान करना एक सच्चे नेतृत्व की पहचान है। प्रशासन के गलियारों से लेकर आम जनता के बीच इस प्रेरक घटना की चर्चा हर तरफ हो रही है क्योंकि यह दृश्य समाज में एक सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बनकर उभरा है।
