खजाने की तलाश या मौत का रहस्य? चार महीने में 8 मौतों से दहला गांव, कब्र से निकाला गया शव

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खरवे गांव में लगातार हो रही संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। बीते चार महीनों में 8 ग्रामीणों की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कथित तौर पर गड़ा धन हासिल करने की चाह में लोगों को निशाना बनाया गया।

मामला तब और गंभीर हो गया जब ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस और प्रशासन की टीम गांव पहुंची। जांच के दौरान एक मृतक के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। अब सभी की नजरें रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो मौतों के पीछे की असल वजह उजागर कर सकती है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक के बाद एक हुई मौतों ने पूरे गांव को भय के माहौल में धकेल दिया है। कई परिवारों ने इन मौतों को सामान्य नहीं मानते हुए विस्तृत जांच की मांग की है।

कसडोल एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक के मुताबिक मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, गांव में फैली आशंकाओं और आरोपों के बीच पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *