मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार हादसा हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ। ट्रेन में अचानक किसी ने आग लगने की बात कह दी। देखते ही देखते कोचों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्री बिना स्थिति की पुष्टि किए ट्रेन से नीचे उतरने लगे। कई लोग दूसरी पटरी तक पहुंच गए, जहां से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा कुछ ही सेकंड में हो गया। ट्रैक पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। रेलवे अधिकारियों, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
उत्तर मध्य रेलवे ने घटना पर बयान जारी करते हुए बताया कि खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में किसी यात्री ने अलार्म चेन खींच दी थी, जिसके कारण ट्रेन रुक गई। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतरकर पास की पटरी पर चले गए। इसी दौरान वहां से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक महिला यात्री ने बताया कि किसी व्यक्ति ने अचानक आग लगने की बात कहते हुए शोर मचा दिया था। इसके बाद यात्री तेजी से ट्रेन से उतरने लगे। महिला के अनुसार एक परिवार भी हादसे की चपेट में आया, जिसमें पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल थे।
वहीं एक अन्य यात्री ने दावा किया कि एक मोबाइल फोन में विस्फोट जैसी घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई थी। हालांकि मोबाइल फटने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल हादसे की असली वजह और आग की अफवाह कैसे फैली, इसकी जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर भरोसा न करें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।