कोलकाता, 8 मई 2026। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। कोलकाता में आयोजित बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया, जिसके बाद सभी विधायकों ने एकमत से समर्थन दिया।

बैठक के तुरंत बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने बीजेपी विधायकों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में पहली बीजेपी सरकार के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
शुभेंदु अधिकारी 9 मई को सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। खास बात यह है कि इसी दिन रवींद्र जयंती भी मनाई जाती है, जिससे समारोह का राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व और बढ़ गया है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। समारोह को भव्य बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि शुभेंदु अधिकारी के साथ दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं, जिससे राज्य में नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर सुर्खियों में आए शुभेंदु अधिकारी अब बंगाल की सत्ता संभालने जा रहे हैं। बीजेपी इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देख रही है।
इस बीच राज्यपाल आर.एन. रवि ने 7 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी थी। कोलकाता गजट में प्रकाशित आदेश के मुताबिक यह फैसला विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद लिया गया।
पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनने जा रही है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।