केंद्र सरकार ने देश की आंतरिक सुरक्षा संभालने वाली खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी के नए प्रमुख की घोषणा कर दी है। आईबी के स्पेशल डायरेक्टर महेश दीक्षित को अब इस बेहद संवेदनशील एजेंसी का नया चीफ नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा डायरेक्टर तपन कुमार डेका की जगह संभालेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून 2026 को पूरा हो रहा है। सरकार ने महेश दीक्षित को दो साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया है।

आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन का लंबा अनुभव
महेश दीक्षित 1993 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे आईबी में ही स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे और एजेंसी में दूसरे सबसे सीनियर अधिकारी थे। उन्हें देश के खिलाफ होने वाली आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने और गुप्त सुरक्षा अभियानों को चलाने का बहुत लंबा अनुभव है। वे जम्मू-कश्मीर में सहायक खुफिया ब्यूरो के प्रमुख के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
अनुच्छेद 370 हटाने के दौरान संभाली कमान
अपने करियर के दौरान महेश दीक्षित ने कई बड़े और संवेदनशील सुरक्षा अभियानों में मुख्य भूमिका निभाई है। अगस्त 2019 में जब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया था, तब सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों और उसके बाद की रणनीति बनाने में वे प्रमुख अधिकारियों में शामिल थे। राज्य के पुनर्गठन के बाद वहां सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता का भरोसा जीतने में भी उन्होंने बड़ा योगदान दिया।
जी-20 बैठक की सुरक्षा का भी जिम्मा संभाला
साल 2023 में जब श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय जी-20 टूरिज्म वर्किंग ग्रुप की बैठक हुई थी, तब उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी महेश दीक्षित के कंधों पर ही थी। इस दौरान कई विदेशी मेहमानों ने कश्मीर का दौरा किया था, जहां उन्होंने जमीनी हालातों का सटीक आकलन कर पूरी सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा था। अब वे देश की सबसे बड़ी खुफिया एजेंसी की कमान संभालने जा रहे हैं।