भाजपा की नकल कर रही कांग्रेस के अप्रशिक्षित शीर्ष नेता कार्यकर्ताओं को क्या सिखाएंगे? – भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर पर तीखा कटाक्ष कर कहा है कि जो पार्टी दशकों तक अपने ही जमीनी कार्यकर्ताओं को भूल चुकी थी और उन्हें सिर्फ एक वोट बैंक व दरी उठाने वाला समझती रही, वह आज ‘प्रशिक्षण’ के माध्यम से कार्यकर्ताओं में सम्मान की भावना जगाने का ढोंग कर रही है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि वस्तुतः देश और प्रदेश की जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह से हताश और निराश हो चुके हैं। अपनी इस राजनीतिक जमीन को खिसकता देख कांग्रेस अब पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढाँचे और प्रशिक्षण शिविरों की नकल करने पर उतारू हो गई है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि बड़ी अजीब विडंबना है कि राहुल गांधी, सचिन पायलट और अलका लांबा जैसे नेता, जिन्हें खुद राजनीतिक मर्यादा, नीति और संगठन का कोई व्यावहारिक प्रशिक्षण नहीं है, अब अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का दावा कर रहे हैं। जो खुद अप्रशिक्षित हैं, वे दूसरों को क्या दिशा देंगे? क्या इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से वही पुराना ‘कांग्रेस मार्ग’ यानी भ्रष्टाचार करने की नई तकनीकें सिखाई जाएंगीं? डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेता अपने ही समर्पित कार्यकर्ताओं को जनसेवा की सीख देने के बजाय ‘स्लीपर सेल’ जैसे देशविरोधी और आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित करते हैं। क्या अपने ही कार्यकर्ताओं को ‘स्लीपर सेल’ कहना कांग्रेस की नजर में उनका सम्मान है? क्या इस तथाकथित प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को इसी अमर्यादित और अपमानजनक भाषा की शिक्षा दी जाएगी? डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी भी नकल कर ले, वह भाजपा जैसी राष्ट्रवादी और अनुशासित कार्यसंस्कृति कभी नहीं अपना सकती। कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर सिर्फ आंतरिक कलह को छिपाने और अपने निराश कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का एक असफल प्रयास मात्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *