कोरबा। तुलसीनगर अटल आवास में रहने वाले रिजवान अंसारी की गुंडागर्दी से स्थानीय लोग दहशत में हैं। आरोपी द्वारा लगातार मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने से परेशान होकर बुधवार को बड़ी संख्या में बस्ती के लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव किया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रिजवान घरों में घुसकर चाकू दिखाता है और दरवाजों को लात मारकर तोड़ने की कोशिश करता है। उसकी दहशत का आलम यह है कि मोहल्ले में दूध और सब्जी बेचने वालों ने भी आना बंद कर दिया है।
बदमाश का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वह छत पर खड़े होकर लोगों पर ईंट बरसा रहा है। पीड़ितों के अनुसार आरोपी ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को भी बेरहमी से पीटा और दुकानदारों को आग लगाने की धमकी दी। महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता की शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है और उसकी तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।