रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पद्मश्री सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती फुलबासन यादव के साथ हुई अप्रिय घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह स्वयं फोन कर श्रीमती यादव से चर्चा की, उनका कुशलक्षेम जाना और घटना की पूरी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले की हर पहलू से गहन जांच की जाएगी और दोषी चाहे जो भी हो, उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस प्रशासन को सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पद्मश्री श्रीमती फुलबासन यादव ने घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुस्तैद पुलिस प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।