महिला सेना पुलिस भर्ती रैली 23 फरवरी को कटनी में, छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की चयनित युवतियां होंगी शामिल

रायपुर। भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली 23 फरवरी 2026 को मध्य प्रदेश के कटनी स्थित पुलिस ग्राउंड झिंझरी में आयोजित होगी। इस भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की वे महिला अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी जिनका चयन प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर हुआ है।

उल्लेखनीय है कि इस भर्ती के लिए भारतीय सेना ने जून और जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किया था। इस परीक्षा में सफल होने वाली महिला उम्मीदवारों को ही कटनी में होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेजों के सत्यापन और अन्य चयन प्रक्रियाओं में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है।

शारीरिक परीक्षण और दस्तावेजों के मिलान में सफल होने वाली महिला अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल जबलपुर में की जाएगी। अंतिम चयन केवल उन्हीं उम्मीदवारों का होगा जो स्वास्थ्य मानकों पर पूर्णतः खरी उतरेंगी। भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं और उम्मीदवारों को उनके पंजीकृत ईमेल पर भी इसकी सूचना भेज दी गई है।

सेना भर्ती कार्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी अभ्यर्थी अपने साथ प्रवेश पत्र, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से लेकर आएं। छत्तीसगढ़ की युवतियों के लिए सैन्य सेवा के माध्यम से देश सेवा करने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस रैली में राज्य भर से बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *