दुष्कर्म मामले में समझौते के आरोप पर पीड़िता के दादा समेत तीन गिरफ्तार

रायपुर। चौकी सिलयारी क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के दादा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए आरोपी पक्ष से रकम लेने और समझौते की कोशिश की गई थी।

पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान कुछ नए तथ्य सामने आने पर जांच को आगे बढ़ाया गया।

जांच में पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनके आधार पर दावा किया गया है कि पीड़िता के दादा ने आरोपी ईश्वर घृतलहरे के परिजनों से 1 लाख 30 हजार रुपये लिए थे। पुलिस के मुताबिक इस कथित लेन-देन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दादा पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ और बयानों में दादा ने किसी घटना के होने से इनकार किया था। बाद में उन्होंने स्वयं मामले की पुनः जांच के लिए आवेदन दिया, जिसके बाद पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि दुष्कर्म पीड़िता को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी मिलने के बाद मामले को दोबारा उठाने का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आगे की जांच जारी होने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार रकम के लेन-देन में दो अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। इनमें सीताराम मेडिकल स्टोर के संचालक चन्द्रशेखर यदु और टुकेंद्र वर्मा शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने आरोपी पक्ष और पीड़िता के दादा के बीच मध्यस्थता की थी।

पुलिस ने दादा के कब्जे से 1 लाख रुपये नकद जब्त करने का दावा किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता के दादा, चन्द्रशेखर यदु और टुकेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *