बिहार की सियासत में कल का दिन बेहद निर्णायक होने वाला है क्योंकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को विधानसभा में विश्वास मत पेश करने जा रहे हैं। फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले उपमुख्यमंत्री और जदयू के कद्दावर नेता विजय चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की मजबूती का बड़ा दावा ठोक दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सदन में पूर्ण बहुमत के साथ अपना विश्वास मत हासिल करेगी और किसी भी प्रकार की अटकलों के लिए कोई जगह नहीं है। विजय चौधरी ने जोर देकर कहा कि भले ही नीतीश कुमार सक्रिय भूमिका से अलग दिख रहे हों लेकिन वर्तमान सरकार आज भी उनकी छत्र-छाया और मार्गदर्शन में ही चल रही है।
तेजस्वी के ‘खाली खजाने’ वाले वार पर पलटवार और शराबबंदी पर स्टैंड
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार का खजाना खाली होने के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए अगर कर्ज भी लेना पड़े तो उसमें कोई बुराई नहीं है और तेजस्वी को अपने कार्यकाल के उस दौर को याद करना चाहिए जब वित्त विभाग लाल घेरे में रहता था और कर्मचारियों को वेतन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। विजय चौधरी ने दावा किया कि आज बिहार के हर इलाके में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और राज्य की वित्तीय स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग करने वाले विधायकों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने साफ कर दिया कि यह फैसला सभी दलों की सर्वसम्मति से लिया गया था और किसी का व्यक्तिगत बयान पार्टी की आधिकारिक राय नहीं हो सकता।