ढेबर की तस्वीर-मोमेंटो चैंबर से हटाई गई
रायपुर। रायपुर नगर निगम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को प्रशासक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने चार्ज संभालते ही पेंडिंग पड़े पेंशन की फाइल पर साइन किया है। वहीं, चैंबर से एजाज ढेबर की तस्वीर-मोमेंटो हटा दी गई है।
दरअसल, लंबे समय से 125 से अधिक पेंशन के प्रकरण पेंडिंग थे। उस पर प्रशासक ने हस्ताक्षर किया है। अब 125 से अधिक लोगों के सीधा लाभ मिलेगा। उनके खातों में पेंशन की राशि पहुंचेगी। प्रशासक की नियुक्ति के बाद मेयर के सभी पावर उनके पास चले गए हैं। अब नगर निगम में महापौर जैसे पद शक्ति-विहीन हो गए हैं।
इससे पहले, रायपुर में गणेश शंकर मिश्रा, अजय नाथ जैसे अफसरों ने प्रशासक की जिम्मेदारी निभाई है। प्रशासक की नियुक्ति के बाद अब यह होगा कि जनप्रतिनिधि किसी भी मामले में नगर निगम से जुड़े फैसले नहीं कर पाएंगे। यह जिम्मा अब प्रशासक के पास होगा। जोन अध्यक्षों की शक्तियां अब नगर निगम आयुक्त के पास होगी। महापौर स्तर के फैसले लेने की शक्तियां प्रशासक के पास होगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने प्रशासक की जिम्मेदारी संभालने के बाद नगर निगम के कई कामों की समीक्षा की। निराश्रित पेंशन के प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही राजधानी की ट्रैफिक समस्याओं को दूर करने के लिए जोन के अलावा मुख्यालय के अधिकारियों को भी निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि, जहां पर भी ट्रैफिक की समस्या दिखाई दे, उन जगहों को बेहतर करने का प्रयास किया जाए। जिससे ट्रैफिक सही हो सके। शहर की साफ-सफाई बेहतर करेंगे और गार्डन को भी स्वच्छ रखा जाएगा।