अंधेरे में बहतराई: बिजली संकट से परेशान वार्ड 49 के लोग, विभाग पर गंभीर आरोप

बिलासपुर। शहर के बी.आर. यादव नगर स्थित बहतराई इलाके के नाग-नागिन तालाब मोहल्ले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वार्ड नंबर 49 के रहवासी पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार हो रही परेशानी के कारण लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बीते शनिवार को इलाके में बिजली तार टूट गया था। चार दिन बाद बड़ी मुश्किल से मरम्मत का काम पूरा हुआ, लेकिन इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे। बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक बिजली गुल रही। फिर शुक्रवार सुबह 5 बजे से इलाके में फिर से बिजली बंद हो गई। लोगों का कहना है कि बिना बारिश और तूफान के बार-बार बिजली बंद होना विभाग की लापरवाही को दिखाता है।

कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप

मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि मरम्मत कार्य के नाम पर उनसे 10-20 रुपये तक चंदा लिया जाता है। वहीं कर्मचारियों को अलग से “खर्चा-पानी” देने की बात भी सामने आई है।

रहवासियों का आरोप है कि शिकायत लेकर सब स्टेशन पहुंचने पर कई कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में मिलते हैं। लोग बताते हैं कि फोन करने पर कर्मचारी “आ रहा हूं” कहकर मोबाइल बंद कर देते हैं। वहीं अधिकारी स्टाफ की कमी का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं।

सांप-बिच्छू का डर, हादसे की आशंका

लगातार अंधेरा रहने से इलाके में सांप-बिच्छू निकलने का खतरा बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। जर्जर बिजली तारों के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

विभाग ने क्या कहा?

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में ब्रेकडाउन, ओवरलोड, खराब मौसम और स्टाफ की कमी के कारण समस्या आ रही है। विभाग का दावा है कि सुधार कार्य लगातार जारी है। हालांकि स्थानीय लोग अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *